गया, 10 जनवरी 2025: गया पुलिस को आज बहुत बड़ी सफलता हाथ लगी है। जिले के टॉप-10 अपराधियों में शामिल और लूट, डकैती, हत्या जैसे जघन्य अपराधों में वांछित कुख्यात अपराधी प्रहलाद मांझी उर्फ पगला मांझी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। प्रहलाद मांझी पर 50,000 रुपये का इनाम घोषित था।
वरीय पुलिस अधीक्षक, गया आनंद कुमार के निर्देशानुसार अपराध नियंत्रण के तहत जिले के टॉप-10 अपराधियों को पकड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा था। इसी अभियान के तहत, नगर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया था। इस टीम ने पारंपरिक और तकनीकी तरीकों से सूचना एकत्र कर प्रहलाद मांझी की गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी। प्रहलाद मांझी की लोकेशन की जानकारी मिलते ही पुलिस की विशेष टीम ने डेल्हा थाना क्षेत्र के बैरागी लोको कॉलोनी में छापेमारी की। पुलिस को देखकर मांझी ने फायरिंग करते हुए भागने की कोशिश की। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में प्रहलाद माझी उर्फ पगला मांझी के पैर में गोली लगी, जिससे वो घायल हो गया और उसे गिरफ्तार कर लिया। घायल मांझी को मगध मेडिकल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।
गौरतलब है कि मांझी मुफस्सिल थाना क्षेत्र में पुलिस पर हमला करने और पिस्टल छीनने के मामले में भी फरार चल रहा था। पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए उस मामले में पहले ही चार अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया था। प्रहलाद मांझी का आपराधिक इतिहास बेहद गंभीर है। वह हत्या, लूट, डकैती, मारपीट, और अवैध हथियार रखने जैसे कई गंभीर मामलों में संलिप्त रहा है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लंबे समय से प्रयासरत थी।
0 टिप्पणियाँ